मुंबई में दो दिन पहले मॉनसून की दस्तक, बारिश से थमीं लोकल ट्रेनें, सड़कों में भरा पानी

आर्थिक राजधानी में मुंबई में बुधवार सुबह ही दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने दस्तक दे दी। इसके चलते तड़के 4 बजे से ही बारिश हो रही है। मौसम विभाग के डेटा के मुताबिक सांताक्रूज में सुबह 8 बजे तक 59.6 मिलीमीटर बारिश हुई है। इसके अलावा कोलाबा में यह 77 मिलीमीटर दर्ज की गई है। अब तक जून महीने में मुंबई में कुल मिलाकर 185 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है। मुंबई के ज्यादातर इलाकों में 40 से 70 मिलीमीटर तक बारिश हुई है। वहीं नवी मुंबई में बीते एक दिन में 120 मिमी बारिश हुई है। इस बारिश के चलते मुंबई में लोकल ट्रेनों का संचालन रोकना पड़ा है। सुबह 9:50 बजे से बारिश के चलते छत्रपति शिवाजी टर्मिनस से कुर्ला के बीच लोकल ट्रेनों का संचालन ठप हो गया है।