यूपी- प्रयागराज में निषाद समुदाय से मिलीं प्रियंका गांधी, योगी सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा रविवार दोपहर प्रयागराज पहुंचीं। उन्होंने पुलिसिया कहर के शिकार हुए घूरपुर के बसवार गांव में निषाद समुदाय की पीड़ा सुनी। उन्होंने यमुना किनारे टीले पर मौजूद निषाद समुदाय के लोगों की समस्याएं सुनने के बाद न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। चार फरवरी को यमुना में बालू के अवैध खनन के आरोप पर जिला प्रशासन ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई की थी। इस दौरान कई बालू लदी नावों को तोड़ डाला था। ग्रामीणों, नाविकों और मजदूरों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव किया। पुलिस ने लाठी भी भांजी थी और लगभग दो सौ लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। कुछ लोग गिरफ्तार भी किए गए थे।