मुजफ्फरपुर: ढोलक की थाप पर फगुआ गीतों की बही बयार

10 मार्च को मनाने वाले रंगों के त्योहार होली का खुमार लोगों पर पूरी तरह से चढ़ चुका है। शुक्रवार को शहर में कई जगहों पर होली मिलन समारोह का आयोजन हुआ। इसमें ढोलक की थाप पर फगुआ गीत गाकर सभी होली के रंग में सराबोर हो उठे। लोगों ने रंग-गुलाल लगाने के साथ होली के लजीज पकवानों का भी आनंद लिया। गरीबनाथ मंदिर में होली का उत्सव मनाया गया। मौके पर बाबा गरीबनाथ का पांच क्विंटल विभिन्न रंगों के अबीर से महाशृंगार कर महाआरती की गयी। मंदिर के पुजारियों ने फगुआ गीत गाये। रात में बाबा गरीबनाथ का महाशृंगार हुआ।